शिमला

एचआरटीसी में शामिल हुईं 24 नई वोल्वो बसें

मुख्यमंत्री व उप मुख्यमंत्री ने दिखाई हरी झंडी

शिमला : उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने गत देर सांय मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के साथ सोलन ज़िला के क्यारीघाट से हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) के बेड़े में शामिल की गई 24 नई वोल्वो बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उप मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि एक साथ 24 नई वोल्वो बसों को एचआरटीसी के बेड़े में शामिल करना एक ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने कहा कि हिमाचल में सड़कें सभी के लिए भाग्य रेखाएं और प्रदेश पथ परिवहन निगम इन भाग्य रेखाओं पर लोगों की जीवन रेखा बनकर उनके हर कार्य में सहयोगी बन रहा है। रोज़ाना लगभग 4 से 5 लाख यात्री इन बस सेवाओं का लाभ उठा रहे हैं। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार जनहित में की गई अलोचना का स्वागत करती है किंतु सभी को यह भी स्मरण रखना चाहिए कि प्रदेश पथ परिवहन निगम न केवल रिकॉर्ड संख्या में नई बसों की खरीद कर लोगों को सुविधा प्रदान कर रहा है अपितु यह भी सुनिश्चित बना रहा है कि लगभग 3200 बसों के माध्यम से एचआरटीसी प्रदेश के कोने-कोने तक पहुंच रही है। उन्होंने प्रदेश वासियों से आग्रह किया कि परिवहन निगम को सहयोग प्रदान कर स्वतंत्र निकाय बनाने में सहायक बनें। उप मुख्यमंत्री ने परिवहन निगम को प्रदेश सरकार की ओर से हर सम्भव सहायता प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार एचआरटीसी के बेड़े का निरंतर विस्तार और आधुनिकीकरण कर रही है। लोगों की सुविधा के दृष्टिगत पहले चरण में 225 डीजल बसें शामिल की गई और शीघ्र ही 250 और डीजल बसें एचआरटीसी के बेडे में शामिल की जाएंगी। इसके अतिरिक्त 297 इलेक्ट्रिक बसों की खरीद के लिए निविदाएं जारी कर दी गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की आवश्यताओं को ध्यान में रखते हुए अब 37 से 39 सीटर की छोटी बसें चलाई जा रही हैं। 100 टेंपो ट्रैवलर वाहन भी क्रय किए जा रहे हैं ताकि अंतिम छोर तक परिवहन सुविधा सुनिश्चित हो सके। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सामाजिक प्रतिबद्धताओं को पूरा करने में एचआरटीसी बेहतरीन कार्य कर रही है। घाटे वाले रूटों पर केवल एचआरटीसी ही सेवा प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि सामाज के विभिन्न वर्गों को रियायती दरों पर निगम द्वारा बस सुविधा प्रदान की जा रही है। एचआरटीसी कर्मचारियों को समय पर वेतन, ओपीएस और पेंशन भी प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा कि एचआरटीसी को ई-नवाचार की दिशा में अग्रसर करने के लिए मुख्यमंत्री द्वारा लगभग 110 करोड़ रुपए की राशि इलेक्ट्रिक चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने के लिए प्रदान की गई है। उन्होंने कहा कि डीजल बसों की खरीद का खर्च निगम स्वयं वहन कर रहा है, जबकि इलेक्ट्रिक बसों की खरीद प्रदेश सरकार के सहयोग से की जा रही है। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि निकट भविष्य में एचआरटीसी के बेड़े 1000 नई बसें शामिल होंगी। यह किसी भी सरकार के कार्यकाल में सबसे बड़ी संख्या है। उन्होंने कहा कि राज्य में नए बस अड्डों का निर्माण कार्य भी तेजी से किया जा रहा है। शिमला ज़िला के ठियोग और ऊना ज़िला के हरोली में नए बस अड्डे क्रियाशील कर दिए गए हैं जबकि हमीरपुर में नए बस अड्डा का निर्माण कार्य प्रगति पर है। इस अवसर पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक कल्याण मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल, हिमाचल प्रदेश विधानसभा के उपाध्यक्ष विनय कुमार, जोगिन्द्रा सहकारी बैंक के अध्यक्ष मुकेश शर्मा, हिमाचल पथ परिवहन निगम के उपाध्यक्ष अजय वर्मा, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति निगम निदेशक मण्डल के सदस्य जतिन साहनी, एचआरटीसी निदेशक मण्डल सदस्य अजय वर्मा, युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष चतर सिंह, अतिरिक्त मुख्य सचिव परिवहन, उद्योग तथा खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग आर.डी. नज़ीम, डॉ. वाई.एस. परमार बागवानी एवं वानिकी विश्वविद्यालय नौणी के कुलपति प्रो. राजेश्वर चंदेल, हिमाचल पथ परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक डॉ. निपुण जिंदल, उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा, पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button