कांगड़ा

लिदबड़ मेले का तीसरा दिन रहा महिलाओं के नाम

राज्य स्तरीय महोत्सव के दौरान रस्साकशी, म्यूजिकल चेयर रेस और स्पून रेस में महिलाओं ने लिया हिस्सा

नगरोटाबगवां राज्य स्तरीय लिदबड़ मेले का तीसरा दिन महिलाओं के नाम रहा। सारा दिन अनेक प्रकार की प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें नगरोटा क्षेत्र की महिलाओं ने बढ़-चढक़र भाग लिया। महिलाओं के लिए आकर्षक खेल तंबोला, रस्साकसी, म्यूजिकल चेयर रेस और स्पून रेस जैसी आकर्षक खेलों का आयोजन हुआ। नगरोटा क्वीन प्रतियोगिता का भी आयोजन हुआ, जिसमें नगरोटा की लड़कियों और महिलाओं ने भाग लिया। निमो चौधरी लोहिताक्षी और रंजना कुमारी ने लोकगीतों से सभी का मनोरंजन किया। महिला मंडल और स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने हिमाचल के पारंपरिक लोक नृत्य जमाकड़ा के आयोजन से सभी का खूब मनोरंजन किया। कार्यक्रम के मुख्यातिथि पर्यटन निगम के अध्यक्ष कैबिनेट रैंक आरएस बाली की धर्मपत्नी भूमिका बाली और उनकी बहन रत्ती बाली रहीं। नींबू रेस में सोनाली प्रथम, काजल द्वितीय और सोनीका ने तृतीय स्थान हासिल किया। म्यूजिकल चेयर में शिल्पा प्रथम और श्रेष्ठा देवी ने द्वितीय स्थान हासिल किया। पांच वर्ष तक के बच्चों के शो में बृशाक प्रथम, अद्ववीक द्वितीय, आव्या तृतीय और आर्या ने चतुर्थ स्थान हासिल किया। रस्साकशी में पठियार महिला मंडल विजेता रहा।
सौंदर्य प्रतियोगिता 18 से 30 वर्ष वर्ग में प्रथम कोमल शर्मा और साक्षी द्वितीय रही। 30 से 50 वर्ग में सोनाली प्रथम निर्मला द्वितीय रही। 50 वर्ष से ऊपर वर्ग में स्वर्णा देवी प्रथम और नमिता मेहरा द्वितीय स्थान पर रहीं। मुख्यातिथि ने विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को इनाम बांटे। सांस्कृतिक संध्या भी महिलाओं के नाम रही, जिसमें महिला गायकों ने सभी के समक्ष अनेक मनमोहक प्रस्तुतियां पेश कीं। हिमाचल पुलिस के आर्केस्ट्रा बैंड हार्मनी ऑफ द पाइनस गु्रप ने अपनी प्रस्तुति से सभी का खूब मनोरंजन किया। महिलाओं के लिए आयोजित इस कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में पुलिस अधीक्षक शालिनी अग्निहोत्री, मुख्य वन संरक्षक बासु कौशल, उपमंडल अधिकारी पालमपुर नेत्रा मेती, खंड विकास अधिकारी पंचरुखी अंजलि गर्ग, खंड विकास अधिकारी देहरा शिल्पी बेक्टा, प्रसिद्ध लोक गायक रजिया बेगम, वर्षा कटोच और मनीष चोपड़ा और हिमाचल पुलिस का आर्केस्ट्रा बैंड हार्मनी ऑफ द पाइनस ग्रुप रहा। एसडीएम नगरोटा मुनीष शर्मा ने सभी अतिथियों को राज्य स्तरीय लिदबड़ मेले में पहुंचने पर स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।

Related Articles

Back to top button