हिमाचल प्रदेश

सीएम सुक्खू का दिवाली गिफ्ट: आउटसोर्स कर्मचारियों और ठेकेदारों को मिलेगी पेमेंट

 आउटसोर्स कर्मचारियों का मानदेय दिवाली से पहले मिलेगा, सीएम ने दिए आदेश

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने दिवाली से पहले आउटसोर्स कर्मचारियों और ठेकेदारों के लिए बड़ी राहत की घोषणा की है। उन्होंने आदेश दिया है कि सभी आउटसोर्स और प्रोजेक्ट आधारित कर्मचारियों का मानदेय इस बार त्योहार से पहले जारी किया जाए ताकि वे भी अपने परिवारों के साथ खुशहाल दीपावली मना सकें। इसके लिए वित्त सचिव को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दे दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने साथ ही यह भी फैसला लिया कि प्रदेश के लोक निर्माण विभाग (PWD), जल शक्ति विभाग और बिजली बोर्ड से जुड़े ठेकेदारों को भी राहत दी जाएगी। उन्होंने कहा कि दिवाली से पहले ठेकेदारों को 10 लाख रुपये तक की बकाया भुगतान राशि जारी की जाए। प्रदेश में इन विभागों के ठेकेदारों की करीब 800 करोड़ रुपये की पेमेंट पेंडिंग पड़ी हुई है। आर्थिक संकट के चलते सरकार इस भुगतान को अटका नहीं रखना चाहती थी, क्योंकि ठेकेदारों के पास नए कार्यों के लिए फंड की कमी थी और वे अपने मजदूरों व कर्मचारियों को वेतन देने में भी असमर्थ हो गए थे। कई दिनों से ठेकेदार लगातार मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और PWD मंत्री विक्रमादित्य सिंह से इस मुद्दे पर गुहार लगा रहे थे। आखिरकार सीएम ने दिवाली को देखते हुए यह संवेदनशील निर्णय लिया जिससे हजारों परिवारों को राहत मिलेगी। इसके अलावा प्रदेश में लगभग 35 हजार आउटसोर्स कर्मचारी हैं जो विभिन्न विभागों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। उन्हें नाममात्र मानदेय मिलता है और वे लंबे समय से वेतन समय पर न मिलने की समस्या झेल रहे थे। मुख्यमंत्री के इस आदेश के बाद अब ये कर्मचारी दिवाली से पहले मानदेय प्राप्त कर सकेंगे। दिवाली 20 अक्टूबर को मनाई जाएगी, जबकि इन कर्मचारियों को आमतौर पर एक से दस तारीख के बीच मानदेय मिलता है। ऐसे में समय से पहले भुगतान होना इन कर्मचारियों के लिए एक बड़ी राहत साबित होगा। सरकार का यह कदम लोकल इकॉनमी और बाजारों में भी उत्साह लाएगा, क्योंकि लोगों की क्रय शक्ति त्योहार से पहले बढ़ जाएगी।

Related Articles

Back to top button