कांगड़ाहिमाचल प्रदेश

राष्ट्रीय राजमार्ग से बेहतर परिवहन के साथ औद्योगिक विकास को मिलेगी दिशा: डाॅ. राजीव भारद्वाज

फोरलेन परियोजनाओं विस्तृत समीक्षा के लिए सांसद डाॅ. राजीव भारद्वाज की अध्यक्षता में बैठक संपन्न

  • धर्मशाला: कांगड़ा संसदीय क्षेत्र के  सांसद डाॅ. राजीव भारद्वाज की अध्यक्षता में आज एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें एडीएम शिल्पी बेक्टा, क्षेत्रीय अधिकारी राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण कर्नल अजय सिंह, परियोजना निदेशक एनएच विकास सुरजेवाला, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण तथा अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में मंडी-पठानकोट और शिमला-मटोर राष्ट्रीय  फोरलेन से संबंधित प्रमुख विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई तथा जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई।
    बैठक में मंडी-पठानकोट एवं शिमला-मटौर फोरलेन परियोजनाओं की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की गई।  सांसद ने निर्माण की गति को बढ़ाने के निर्देश दिये ताकि परियोजनाएँ निर्धारित समय सीमा में पूरी हो सकें। उन्होंने कहा कि ये दोनों राष्ट्रीय राजमार्ग न केवल प्रदेश की परिवहन सुविधा को बेहतर बनाएंगे बल्कि पर्यटन एवं औद्योगिक विकास को भी नई दिशा देंगे। डाॅ. भारद्वाज ने कहा कि भूस्खलन की घटनाओं को रोकने के लिए वैज्ञानिक एवं तकनीकी दृष्टिकोण अपनाना आवश्यक है।
    उन्होंने विशेषज्ञ एजेंसियों से रिपोर्ट लेकर स्थायी रोकथाम उपाय जैसे रिटेनिंग वाल, ड्रेनेज सुधार और वनीकरण योजनाओं को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने राजस्व विभाग एवं एनएचएआई को निर्देश दिए कि आपसी समन्वय बढ़ाते हुए विवादित मामलों को शीघ्र सुलझाया जाए, ताकि कार्य बाधित न हों। उन्होंने कहा कि फोरलेन निर्माण कार्य के चलते जहां भी कूहलों में व्यवधान उत्पन्न हुआ है, वहां की मरम्मत का कार्य बिना किसी विलंब के पूरा करने के निर्देश डाॅ. राजीव भारद्वाज ने संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि किसानों की सिंचाई व्यवस्था में किसी प्रकार की बाधा नहीं आनी चाहिए। साथ ही उन्होंने फोरलेन निर्माण के दौरान जगह-जगह उचित डंपिंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए, ताकि पर्यावरण और स्थानीय लोगों को असुविधा न हो।
    बैठक में जनहित से जुड़े अन्य मुद्दों पर भी चर्चा की गई। सांसद डाॅ. भारद्वाज ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्गों से जुड़ी परियोजनाओं की नियमित समीक्षा बैठकें आयोजित की जाएंगी ताकि प्रगति पर सतत निगरानी रखी जा सके। उन्होंने कहा कि फोरलेन परियोजनाओं के पूरा होने से न केवल कांगड़ा बल्कि पूरा हिमाचल प्रदेश बेहतर सड़क संपर्क, पर्यटन वृद्धि और आर्थिक गति के नए युग में प्रवेश करेगा। डाॅ. राजीव भारद्वाज ने कहा, प्रदेश की सड़क परियोजनाएँ जनता की जीवन रेखा हैं। इन परियोजनाओं के माध्यम से न केवल यातायात सुविधा में सुधार होगा बल्कि क्षेत्र में रोजगार, व्यापार और पर्यटन के नए अवसर भी सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि हर विभाग जनहित को सर्वोपरि रखकर समर्पण भाव से कार्य करे।
    इस अवसर पर एसडीएम जवाली नरेन्द्र सिंह, नगरोटा बगवां मनीष सिंह, शाहपुर करतार चंद, भटियात पारस अग्रवाल, नूरपुर अरुण शर्मा, ज्वालामुखी संजीव शर्मा के अलावा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button