अंडर-19 जिला स्तरीय बॉक्सिंग टूर्नामेंट में समलोटी स्कूल का शानदार प्रदर्शन

कल्याडा : राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कल्याडा में 1 अक्टूबर से 3 अक्टूबर तक आयोजित अंडर-19 जिला स्तरीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता सफलतापूर्वक संपन्न हुई। इस प्रतियोगिता में पीएम राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला समलोटी के आठ खिलाड़ियों ने भाग लिया और सभी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पदक जीतकर विद्यालय का नाम रोशन किया। विद्यालय के करण कुमार ने स्वर्ण पदक, जबकि इशांत, सुमित और शौर्य ने रजत पदक तथा प्रवेश, वरुण, गर्व और तरुण सैनी ने कांस्य पदक अर्जित किया। पूरे जिला स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय ने रनर-अप ट्रॉफी प्राप्त की। खिलाड़ियों की सफलता पर विद्यालय पहुंचने पर उनका भव्य स्वागत किया गया। प्रधानाचार्य, अध्यापक साथियों एवं विद्यार्थियों ने फूल-मालाओं से खिलाड़ियों का अभिनंदन किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य संजय चौधरी ने टीम कोच एवं शारीरिक शिक्षा प्रवक्ता कैलाश शर्मा सहित सभी खिलाड़ियों व टीम इंचार्ज नीतीश राज शर्मा को हार्दिक बधाई दी। इस अवसर पर बॉक्सिंग कोच कैलाश शर्मा ने बताया कि विद्यालय का होनहार खिलाड़ी करण कुमार राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित हुआ है। यह प्रतियोगिता 11 से 13 अक्टूबर, 2025 तक राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सुंदरनगर में आयोजित होगी, जिसमें करण विद्यालय और जिला का प्रतिनिधित्व करेगा। इस उपलब्धि पर पूरे विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है और सभी ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।


