कांगड़ा

*देहरा में पुलिस लाइन के निर्माण का रास्ता साफ, एक हेक्टेयर भूमि मिली* 

 *ढलियारा में होगा निर्माण, पुलिस विभाग को भूमि प्रदान करने का पत्र जारी* 

देहरा। पुलिस जिला देहरा की अपनी पुलिस लाइन के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। पुलिस विभाग को ढलियारा में लाइन के निर्माण कार्य के लिए एक हेक्टेयर भूमि प्रदेश सरकार से मिल गई है। उपायुक्त कांगड़ा ने पुलिस विभाग के नाम एक हेक्टेयर भूमि हस्तांतरित करने का पत्र जारी कर दिया। देहरा से कांग्रेस विधायक कमलेश ठाकुर सरकार से पुलिस लाइन के लिए भूमि प्राप्त करने को काफी समय से प्रयासरत थीं। उनकी मेहनत रंग लाई और देहरा में पुलिस लाइन का सपना साकार होने जा रहा है।  मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू से स्वीकृति मिलने पर यह भूमि प्रदान की गई है। प्रदेश सरकार की ओर से पुलिस विभाग को आठ कनाल भूमि इससे पहले एसपी, एएसपी और अन्य अधिकारियों के आवास के लिए आवंटित की जा चुकी है। पुलिस लाइन के अलावा खेल मैदान और प्रशासनिक भी ढलियारा में ही बनने हैं। पुलिस विभाग ने उनके भी भूमि उपलब्ध करवाने का प्रस्ताव प्रदेश सरकार को भेजा हुआ है। उम्मीद जताई जा रही है कि इनके लिए भी मांग अनुरूप भूमि आने वाले दिनों में पुलिस विभाग के नाम हस्तांतरित हो जाएगी।  विधायक कमलेश ठाकुर ने कहा कि पुलिस लाइन के लिए भूमि उपलब्ध करवाने पर वह मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू और प्रदेश सरकार का धन्यवाद करती हैं। देहरा के पुलिस जिला बनने के बाद अपनी पुलिस लाइन, खेल मैदान, प्रशासनिक भवन और अफसरों के लिए आवास भी बेहद जरूरी हैं। उन्होंने देहरा के प्रशासनिक अधिकारियों के जरिये लगभग तीन हेक्टेयर भूमि  का प्रस्ताव प्रदेश सरकार को भेजा था। उसमें से एक हेक्टेयर भूमि पुलिस लाइन बनाने के लिए पुलिस विभाग के नाम किये जाने के आदेश उपायुक्त कांगड़ा ने जारी कर दिए हैं। शेष भूमि भी जल्दी मुहैया करवाने के लिए मुख्यमंत्री व प्रदेश सरकार से आग्रह किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस लाइन के निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू करवाई जाएगी ताकि समयबद्ध तरीके से निर्माण कार्य पूरा करवाया जा सके।

Related Articles

Back to top button