जनता की जेबों को काटने में लगी है सुक्खू सरकार: विश्व चक्षु
कहा सरकार की आर्थिक नीतियां पूरी तरह से विफल रही ,बस किराए में बढ़ोतरी गलत फैसला

धर्मशाला/ हिमाचल प्रदेश भाजपा के मीडिया सह प्रभारी एडवोकेट विश्व चक्षु ने प्रदेश कांग्रेस सरकार द्वारा बस किराए में की गई बढ़ोतरी को लेकर सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की सुक्खू सरकार जनता की जेबों को काटने में उतर आई है। उन्होंने कहा कि पहाड़ी क्षेत्र के लिए सामान्य बसों में 20 और मैदानी क्षेत्रों के किराये में 31 पैसे प्रति किलोमीटर की बढ़ोतरी के साथ एसी डीलक्स और सुपर लग्जरी वॉल्वो बसों का किराया भी बढ़ाया गया जो न प्रदेशों की जनता के हित में ओर न ही दूसरे प्रदेशों से हिमाचल का रुख करने वालों के हित्तों में है। उन्होंने कहा कि ऐसे जनविरोधी निर्णय लेकर सुक्खू सरकार जनता से कुठाराघात कर रही है। सरकार की आर्थिक नीतियां पूरी तरह से विफल रही हैं, जिसका खामियाजा अब प्रदेश की जनता को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में महंगाई पहले से ही चरम सीमा पर है और उपर से किराये में बढ़ोतरी जनता के लिए किसी आपदा से कम नहीं हैं। उन्होंने कहा कि सुक्खू सरकार ने युवाओं के रोजगारों के दरवाजों को बंद कर दिया है तथा अब जनता पर बोझ डाला जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में विकास थम चुका है। शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं का बुरा हाल है। कानून व्यवस्था की धज्जियां उड़ी हुई है। विश्व चक्षु ने कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार के लिए स्वास्थ्य का क्षेत्र प्राथमिकता में शामिल ही नहीं है। सरकार की नाकामी, हठधर्मिता और तानाशाही की वजह से हिमाचल प्रदेश को 63 विशेषज्ञ डॉक्टर नहीं मिल पाएंगे। इसका नुकसान आने वाले वक्त में हिमाचल प्रदेश की आम जनता को होगा। उन्होनें कहा कि कांग्रेस सरकार पर तानाशाही इस तरह हावी हो गई है कि उन्हें जनता के नुकसान से कोई फर्क नहीं पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के लिए आम जनता का हित प्राथमिकता नहीं है। आज हिमाचल प्रदेश का हर वर्ग पूरी तरह परेशान हो गया है। उन्होंने कहा कि उन्होंने प्रदेश सरकार का काम जनता को सुविधा देना होता है, लेकिन कांग्रेस सरकार तो आम जनता से सुविधा छीनने का काम कर रही है। सुक्खू की सरकार में हर कोई दुखी है।